दून में 20 पर मुकदमा और 02 गिरफ्तार, युवती को जबरन रंग लगाने, छेड़छाड़ और मारपीट का मामला

छेड़छाड़ और मारपीट का मामला,

Dehradun: राजधानी देहरादून के राजीव नगर में युवती अनन्या काला को जबरन रंग लगाने, छेड़खानी करने और विरोध में पूरे परिवार के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर और घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने विकास रावत और संजीव नेगी नाम के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 15 से 20 व्यक्तियों पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य की पहचान की जा रही है।

यह मामला थाना नेहरू कॉलोनी के अंतर्गत राजीव नगर का है। युवती अनन्या काला अपने घर के बाहर होली खेलने के बाद स्कूटी पर बैठी थी। उसी दौरान दो अनजान व्यक्ति रंग लगाने की जिद करने लगे और मना करने पर छेड़खानी करने लगे। तभी युवती का दोस्त संभव अरोड़ा वहां आया और इसका विरोध करते हुए दोनों गेट के भीतर आ गए। लेकिन, मनचले व्यक्ति यहीं नहीं रुके और घर के भीतर घुस आए। इसके बाद जो कुछ भी हुआ, वह घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में आवाज के साथ रिकॉर्ड हो गया।

हद तो तब हो गई जब, छेड़खानी करने वाले दोनों व्यक्ति बड़ी संख्या में लोगों को लेकर युवती के घर में घुस आए और कानून को ताक पर रखकर पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। युवती और उनके परिवार के मित्र अस्मित राजपाल को जब इस बात का पता चला तो वह तुरंत वहां पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि उग्र भीड़ और छेड़खानी करने वाले व्यक्तियों ने उनके साथ भी अभद्रता की।

 

इस मामले में पीड़ित परिवार और उनके परिचितों ने मेडिकल करवाया है। साथ ही पुलिस को तहरीर दी थी। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश थानाध्यक्ष संजीत कुमार को दिए थे। जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि जिन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, वही सबसे पहले घर में घुसे थे।

सम्बंधित खबरें