सीयूईटी पास करने पर पहली बार 50 हजार छात्रवृत्ति

यदि आप उत्तराखंड से हैं और देश के नामी विश्वविद्यालयों में दाखिला पाने को संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-यूजी (सीयूईटी-यूजी) दे रहे हैं तो ये खबर आपके काम की है। यह परीक्षा पास करने पर उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड की ओर से 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसकी पुष्टि सहायक निदेशक डॉ. गोविंद पाठक ने की है। सीयूईटी-यूजी बुधवार से शुरू हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से हर साल नामी विवि में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराई जाती है। इन विवि में दाखिला पाने की उम्मीद लिए हजारों छात्र किस्मत आजमाते हैं। उत्तराखंड से भी सैकड़ों छात्र इसमें सम्मिलित होते हैं। एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार इस बार परीक्षा 15 मई से 24 मई तक होनी है। उच्चशिक्षा उत्तराखंड के सहायक निदेशक डॉ. गोविंद पाठक ने बताया कि सरकार की ओर से सीयूईटी-यूजी उत्तीर्ण करने वाले परीक्षार्थियों को 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने की योजना बनाई गई है। पहली बार ऐसा होगा जब ये छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
12 हजार अभ्यर्थियों ने दिया सीयूईटी

हल्द्वानी। शहर के 10 परीक्षा केंद्रों में बुधवार से कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट शुरू हो गया है। पहले दिन 14,514 में से 12,161 ने परीक्षा दी, जबकि 2353 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। हल्द्वानी सिटी को-ऑर्डिनेटर मंजू जोशी ने बताया कि 24 मई तक ऑफलाइन और ऑनलाइन टेस्ट होगा। पहले दिन चार पालियों में परीक्षा हुई।

एकलव्य स्कूल में प्रवेश को 1035 ने दी परीक्षा

रामनगर। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में सत्र 2024-25 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश के लिए बुधवार को प्रदेश के 16 केंद्रों में परीक्षा कराई गई। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि परीक्षा में कुल पंजीकृत 1230 बच्चों में से 1035 ने परीक्षा दी।

सम्बंधित खबरें