
Haldwani News: हल्द्वानी के एसडीएम कोर्ट परिसर में सोमवार को कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश और पार्षद रवि जोशी धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि एसडीएम राहुल शाह के ट्रांसफर के बाद लंबे समय से कोर्ट का संचालन ठप पड़ा है, जिससे वकीलों के साथ-साथ आम लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक सुमित हृदयेश ने बताया कि कोर्ट न चलने से जमीन, राजस्व और अन्य मामलों में लोगों के काम अटक गए हैं। उन्होंने पार्षद रवि जोशी के साथ परिसर में ही जमीन पर बैठकर विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान विधायक ने कुमाऊं कमिश्नर और जिलाधिकारी से फोन पर बात कर जल्द से जल्द हल्द्वानी में नए एसडीएम की तैनाती की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने विधायक को आश्वासन दिया कि जल्द ही हल्द्वानी में नए एसडीएम की तैनाती कर दी जाएगी, ताकि कोर्ट का कामकाज सुचारू रूप से शुरू हो सके।









