
लालकुआँ। नियमों को ताक पर रखकर अवैध खनन और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले कृष्णा स्टोन क्रेशर पर आखिरकार प्रशासन का सख्त शिकंजा कस गया। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद राजस्व और खान विभाग की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर क्रेशर परिसर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
निरीक्षण के दौरान क्रेशर परिसर में विशालकाय गड्ढा पाए जाने से अधिकारी भी हैरान रह गए। टीम द्वारा गड्ढे की खुदाई से संबंधित अनुमति और अभिलेख मांगे गए, लेकिन क्रेशर संचालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। खास बात यह रही कि पूर्व में इसी गड्ढे को लेकर जुर्माना लगाया जा चुका है, इसके बावजूद दोबारा खुदाई कर नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई।
दस्तावेजों के अभाव को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कृष्णा स्टोन क्रेशर को सीज कर दिया। साथ ही तीन दिनों के भीतर सभी वैध अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। तब तक क्रेशर का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
इसके अलावा आबादी क्षेत्र में मानकों की अनदेखी कर फैलाए जा रहे ध्वनि प्रदूषण की भी जांच शुरू कर दी गई है। जिला खान अधिकारी ताजवर सिंह नेगी ने स्पष्ट किया कि यदि गड्ढे से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, तो क्रेशर संचालक के खिलाफ भारी जुर्माने के साथ कड़ी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और अवैध खनन के खिलाफ इसी तरह की सख्ती लगातार जारी रखने की मांग की है।









