

अल्मोड़ा। जिले में पुलिस ने स्मैक की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने 320 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसकी अनुमानित कीमत 32 लाख रुपये आंकी गई है। एसएसपी देवेेंद्र पींचा के कार्यभार ग्रहण करने के बाद से नशे के सौदागरों की लगातार गिरफ्तारी हो रही है। पहली तिमाही के पूरा होने से पहले ही पुलिस ने पिछले साल के रिकार्ड को पार कर लिया है। इस बार अभी तक कुल 448 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद हो चुकी है। एसएसपी ने पुलिस टीम को 5 हजार के इनाम देने की घोषणा की है। आरोपी शाहजहांपुर का रहने वाला है। जोकि पहाड़ में स्मैक बेचने ला रहा था।
जानकारी के अनुसार कोतवाली अल्मोड़ा के साथ ही एएनटीएफ व एसओजी की टीम ने गत देर सायं चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान लोधिया से क्वारब की ओर धर्मकांटे के पास मोड़ पर एक बाइक सवार को रोक कर पूछताछ की गई। उसने अपने पास स्मैक होना कबूल किया। इस पर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई। इस पर सीओ विमल प्रसाद मौके पर पहुंचे। उनके समक्ष अभियुक्त की तलाशी लेने पर उसके पास से 320 ग्राम स्मैक व एक इलैक्ट्रानिक तराजू बरामद हुआ। आरोपी मोईन खान 27 पुत्र नौशेर निवासी आमडार थाना पुवाया जिला शाहजहांपुर उप्र को मौके से गिरफ्तार किया गया। वहीं उसकी बाइक बजाज प्लेटिना संख्या यूपी 27 बीई-3259 को सीज किया गया है। आरोपी ने बताया कि वह स्मैक बेरा फरीदपुर से एक व्यक्ति से लेकर आ रहा है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।








