बिंदुखत्ता में धारदार हथियार से हमला कर दिया

बिंदुखत्ता,

लालकुआं बिंदुखत्ता क्षेत्र में पुरानी रंजिश और होली के दिन दुकान खोलने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज की और धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में बीच-बचाव करने आए युवक का अंगूठा कट गया, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। मामले को लेकर कोतवाली लालकुआं में तहरीर दी गई है। पीड़ित निवासी प्रेम प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि होली के दिन वह अपने चाचा के घर मौजूद थे। इसी दौरान मुन्ना पांडे, कंचन पांडे, हरीश पांडे, राहुल बिष्ट समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और कथित रूप से जबरन दुकान खोलने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। प्रेम प्रकाश का कहना है कि जब उनके जमाई सागर आर्य बीच-बचाव के लिए आगे आए तो हमलावरों ने उन पर भी वार कर दिया, जिससे उनका अंगूठा कट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर पहले से रंजिश रखते थे और सुनियोजित तरीके से हमला करने पहुंचे थे। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

सम्बंधित खबरें