बागेश्वर: कांडा थाना क्षेत्रांतर्गत एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। बालिका की मां ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो में मामला दर्ज करते हुए जांच आरंभ कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश है। इसी थाना क्षेत्र में एक विधवा से छेड़खानी व मारपीट का मामला प्रकाश में आया है।
कांडा पुलिस के अनुसार एक महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री है। भंतोला निवासी हरीश राम पुत्र पनी राम उस पर गलत नजर रखता है। उसके साथ छेड़खानी तथा गलत काम किया है। तहरीर में कहा गया है कि घटना की शाम जब उसकी पीड़ित पुत्री रोने लगी। काफी पूछताछ करने पर उसने आपबीती सुनाई। महिला की प्राथमिकी पर पुलिस ने पोक्सो में मामला दर्ज कर लिया है। नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। थानाध्यक्ष खुशवंत सिंह ने बताया कि घटना की जांच आरंभ कर दी गई है। तथ्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की छानबीन पूरी होने पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








