
अल्मोड़ा। एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। हादसे में पीएनबी बैंक शाखा के हेड कैशियर की जिंदगी चली गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से पौड़ी जिले के गुजडू धुमाकोट के तल्ला पटवारी क्षेत्र सुनवर्मा गांव के निवासी 35 वर्षीय सुभाष सिंह बिष्ट पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट थलीसैंण की पीएनबी बैंक शाखा में हेड कैशियर के पद पर कार्यरत थे। दरअसल सुभाष बिष्ट वर्तमान में उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर कचनालगाजी बिजलीघर के निवासी थे। बीते शुक्रवार को बैंक का काम निपटाने के बाद वह अवकाश के चलते पौड़ी गढ़वाल से काशीपुर स्थित घर के लिए कार संख्या यूके19बी/0880 पर सवार होकर निकले थे।
इस दौरान जैसे ही उनकी कार अल्मोड़ा जिले के तल्ला सल्ट के मरचूला कूपी बैंड के पास स्टेट हाईवे पर पहुंची तो असंतुलित होकर 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जैसे ही घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम ने कार में फंसे युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जिंदगी जा चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा वही उनका रो-रो कर बुरा हाल है।








