
देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। डोईवाला विकासखंड में तैनात उप शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट को विजिलेंस टीम ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई नेपाली फार्म क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी अधिकारी शिकायतकर्ता से घूस के रुपए लेने पहुंचा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक विद्यालय से जुड़े बिल के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की थी। यह बिल शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत छात्रों की प्रतिपूर्ति से संबंधित था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया।
योजना के तहत जैसे ही अधिकारी ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की राशि ली, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रायवाला कोतवाली ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।
इस मामले में एक महिला की भूमिका भी सामने आई है। पुष्पांजलि नाम की महिला को भी विजिलेंस टीम ने हिरासत में लिया है, जो देहरादून के डालनवाला क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है और ऋषिकेश स्थित एक स्कूल से जुड़ी हुई है। टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश के आरटीई से जुड़े बिलों के भुगतान के लिए रिश्वत मांगी गई थी। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग में भ्रष्ट्राचार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।









