रुद्रपुर: पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में 12 साल की छात्रा से दुष्कर्म, दरिंदा सुरक्षाकर्मी गिरफ्तार

दुष्कर्म,

रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिसर में कक्षा पांच में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में विश्वविद्यालय में तैनात एक सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे परिसर में आक्रोश का माहौल है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम छात्रा अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान विश्वविद्यालय का सुरक्षाकर्मी जंग बहादुर वहां पहुंचा और बच्ची को बहलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह उसे सरकारी आवास के एक खंडहर में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। कुछ लोगों को शक होने पर सूचना सुरक्षा विभाग को दी गई। बाद में बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज कराए गए हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि आरोपी परिसर में लंबे समय से तैनात था और पीड़िता के परिवार से परिचित था। घटना ने विश्वविद्यालय परिसर की यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।अभिभावकों का कहना है कि जब सुरक्षाकर्मी ही अपराधी बन जाए, तो बच्चों की सुरक्षा को लेकर विश्वास डगमगा जाता है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सम्बंधित खबरें