
सितारगंज। एक महिला कारोबारी ने अपने साझेदार पर बेईमानी, धोखाधड़ी और बैंक खाते से रकम निकालकर गबन करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सितारगंज के वार्ड तीन निवासी मीना जिंदल पत्नी ईश्वर चंद्र जिंदल ने शिकायत में बताया कि उनके रिश्तेदार मदन लाल गोयल उर्फ मदन लाल अग्रवाल साझेदारी फर्म ‘जीएलडी एग्री फूड्स’ पीलीभीत रोड मलपुरी में 50 प्रतिशत हिस्सेदार हैं। फर्म में कुल तीन साझेदार हैं और वर्किंग पार्टनर होने के कारण मदन लाल ही लेन-देन संभालते थे। शिकायत के अनुसार बैंक ने जानकारी दी कि फर्म के खाते में जमा 25 करोड़ 38 लाख रुपये के सापेक्ष ब्याज का भुगतान नहीं किया गया और खाता भी ठीक से संचालित नहीं हो रहा है। जब फर्म में स्टॉक और अन्य विवरण की जांच की गई तो वहां घोषित स्टॉक भी मौजूद नहीं मिला। मीना जिंदल ने आरोप लगाया कि वर्किंग पार्टनर ने करीब 31 करोड़ 80 लाख रुपये के स्टॉक का गबन कर उसे अपने निजी उपयोग में लिया। साथ ही फर्म की पूंजी को अन्य फर्म और विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित कर दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि केस के आदेश पर केस दर्ज किया गया है।









