
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 28 फरवरी (शनिवार) को एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर हल्द्वानी पहुंचेंगे। इस दौरान वह विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ-साथ राष्ट्रीय एचवीपी टीकाकरण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 10:45 बजे लोहियाहेड हेलीपैड खटीमा (उधमसिंह नगर) से प्रस्थान कर 10:55 बजे एफटीआई हेलीपैड हल्द्वानी पहुंचेंगे। इसके बाद वह कार द्वारा सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगे, जहां विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक मा० प्रधानमंत्री की वर्चुअल उपस्थिति में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एचवीपी टीकाकरण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इसके उपरांत अपराह्न 1:00 बजे पी एस पी चिकित्सालय के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे।
दौरे के अंत में मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे से 3:00 बजे तक एफटीआई सभागार में जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा बैठक और ब्रीफिंग करेंगे। इसके बाद अपराह्न 3:15 बजे एफटीआई हेलीपैड से खटीमा (उधमसिंह नगर) के लिए प्रस्थान करेंगे।









