मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,

नैनीताल/हल्द्वानी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान गोला नदी में सिंचाई, पेयजल आदि के लिए बनाए जा रहे जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर किए जा रहे कार्यों के बारे में अधिकारियों एवं विशेषज्ञों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री द्वारा परियोजना की प्रगति, समयबद्धता एवं गुणवत्ता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी लेते हुए तय समय पर कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर, उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के अंतर्गत कराए जा रहे अन्य निर्माण कार्यों के सम्बन्ध में भी विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा सकारात्मक सोच के साथ कई वार्ताओं के माध्यम से पर्यावरणीय एवं तकनीकी कठिनाईयों को दूर किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री जी का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने जन भावनाओं के अनुरूप जमरानी बांध की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने जमरानी बांध परियोजना को आगे बढ़ाने में सहयोग करने वाले सभी स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों का भी आभार व्यक्त किया।

 

उन्होंने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार योजनाओं को कागजों से निकाल कर धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हम कागजों पर नही बल्कि काम पर विश्वास करते हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर अड़चन व धनराशि की परवाह न करते हुए अड़चनों को दूर करते हुए विकास कार्यों को निरन्तर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में एक भी योजना अधूरी नहीं रहेगी, जनभावनाओं को देखते हुए सभी योजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि जमरानी बांध परियोजना हमारी समृद्धि का प्रतीक है। उत्तराखण्ड राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में जमरानी बांध का भी बहुत बड़ा योगदान होगा और यह राज्य के प्रगति पथ पर आगे बड़ने का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जमरानी बांध के निर्माण से जहॉ एक ओर सिंचाई एवं पेयजल की सुविधा प्राप्त होगी वहीं यहॉ के युवाओं को रोजगार के अवसर भी इससे प्राप्त होंगे। यहॉ पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगो की मांग है कि इस परियोजना से विद्युत का भी उत्पादन हो, इस सम्बन्ध में केन्द्र सरकार से वार्ता की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से कुमाऊॅ के तराई क्षेत्र के साथ ही उत्तर प्रदेश के किसानों एवं क्षेत्र वासियों को भी इसका लाभ मिलेगा, साथ ही इस परियोजना से अनेक गतिविधियां बढ़ेंगी।

सम्बंधित खबरें