
हल्द्वानी। रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण हटाने की संभावित कार्रवाई को लेकर इंदिरा नगर क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों में चिंता बढ़ गई है। इसी को लेकर सोमवार को इंदिरा नगर पुनर्वास कल्याण समिति के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों का एक शिष्टमंडल नगर निगम सभागार पहुंचा और नगर के महापौर गजराज सिंह बिष्ट तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। समिति के अध्यक्ष आनंद केसरवानी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि रेलवे द्वारा जिस भूमि को अतिक्रमण की श्रेणी में बताया जा रहा है, उस क्षेत्र में करीब ढाई सौ हिंदू परिवार लंबे समय से रह रहे हैं। इनमें अधिकांश लोग आर्थिक रूप से कमजोर और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से जुड़े हैं।
उन्होंने मांग की कि यदि किसी कारणवश उन्हें वहां से हटाया जाता है तो सभी परिवारों को एक ही स्थान पर उचित व्यवस्था के साथ बसाया जाए और उन्हें आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने परिवारों का भरण-पोषण कर सकें। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि विस्थापन की स्थिति में उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास दिया जाए। इस पर महापौर ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर निगम की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी और उनकी समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य मंत्री दिनेश आर्या, हरिमोहन अरोरा, ओबीसी जिलाध्यक्ष नन्हें कश्यप, एससी जिलाध्यक्ष रविंद्र बाली, विनोद जायसवाल, शक्ति केंद्र संयोजक अरविंद केसरवानी, प्रधान जी, भूत अध्यक्ष सीमा राठौर, विमला साहू सहित इंदिरा नगर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।









