काठगोदाम फिल्टर प्लांट सात घंटे बंद, पानी के लिए मचा हाहाकार

सिंचाई विभाग ने गौला बैराज के गेटों की मरम्मत के लिए शुक्रवार दोपहर जल संस्थान के फिल्टर प्लांट को गौला से पानी की आपूर्ति बंद कर दी। करीब सात घंटे तक फिल्टर प्लांट बंद रहने से शुक्रवार को शहर में शाम को होने वाली पेयजल की व्यवस्था लड़खड़ा गई। पहले से पानी की परेशानी झेल रहे लोगों की परेशानी इससे दोगुनी हो गई। देर शाम को प्लांट के फिर से दोबारा शुरू होने पर आज शनिवार सुबह की जाने वाली सप्लाई सुचारु होने की उम्मीद है।

शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सिंचाई विभाग ने फिल्टर प्लांट को की जाने वाली पानी की आपूर्ति बंद कर दी। फिल्टर प्लांट बंद होने से शुक्रवार को पानी की शाम की सप्लाई ठप हो गई। बैराज गेट की मरम्मत पूरी होने पर शाम करीब छह बजे फिल्टर प्लांट के लिए पानी छोड़ा गया। इसके बाद जल संस्थान को तकनीकी कारणों से प्लांट शुरू करने में करीब एक घंटे का समय और लगा। ऐसे में घरों को सप्लाई किए जाने वाले पानी को फिल्टर करने का काम करीब 7 घंटे बाद शुरू हो सका। दिन भर फिल्टर प्लांट बंद रहने से हल्द्वानी शहर के करीब 50 क्षेत्रों को शाम के समय की जाने वाली पेयजल की आपूर्ति ठप रही। पहले से पेयजल का संकट झेल रहे लोगों की परेशानियां इससे दोगुनी हो गईं।

हल्द्वानी के इन इलाकों को नहीं मिली शाम को पानी जल संस्थान के फिल्टर प्लांट से पानी नहीं मिलने से शीशमहल, वैशाली कॉलोनी, वैलेजली लॉज, आवास विकास, मुखर्जी कंपाउंड, एवेन्यू पार्क, सुभाषनगर, गोविन्दपुरा, आदर्श कॉलोनी, गुरुनानकपुरा, भोटिया पड़ाव, मल्ला और तल्ला गोरखपुर, शान्ति कुंज, जगदंबा नगर, कुल्यालपुरा, जगदंबानगर, जोहार नगर, दोनहरिया, तल्ली बमौरी, महेशनगर, आनंदपुरी, कलावती कॉलोनी, सखावतगंज, गुरु तेग बहादुर मार्ग, आनंद आदि क्षेत्रों में शाम की आपूर्ति प्रभावित रही।

सम्बंधित खबरें