
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किसान के बैंक खातों से साइबर अपराधियों ने करीब 1 करोड़ 52 लाख 56 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को इस बड़ी ठगी की जानकारी तब हुई जब बैंक प्रबंधन ने उनके खाते में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दी। मामले में साइबर थाना पंतनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दिनेशपुर के वार्ड नंबर-2 मोतीपुरा बुक्सौरा निवासी स्वरूप सिंह, पुत्र मोहन सिंह, के एक्सिस बैंक की दिनेशपुर शाखा में दो बचत खाते हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी जमीन बेचने के बाद प्राप्त धनराशि दोनों खातों में जमा कराई थी। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार 22 जुलाई तक उनके दोनों खातों में कुल 1 करोड़ 82 लाख 96 हजार 183 रुपये जमा थे।
स्वरूप सिंह ने साइबर थाना पंतनगर में दी गई तहरीर में बताया कि 21 जुलाई से 25 जुलाई तक उनकी तबीयत खराब होने के कारण वह एक निजी अस्पताल में भर्ती रहे। इसी दौरान, 22 जुलाई से 27 जुलाई के बीच उनके बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और एटीएम के माध्यम से कुल 1 करोड़ 52 लाख 56 हजार 98 रुपये निकाल लिए गए। उन्हें इन लेन-देन की कोई जानकारी नहीं थी और न ही उन्होंने किसी को बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा की थी।
पीड़ित के अनुसार, 27 जुलाई को एक्सिस बैंक के शाखा प्रबंधक ने उन्हें बताया कि 22 जुलाई को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक्सिस मोबाइल बैंकिंग ऐप सक्रिय की गई थी। हैरानी की बात यह है कि उन्होंने स्वयं कभी मोबाइल ऐप सक्रिय नहीं की और न ही इसके लिए कोई अनुरोध किया था। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का संदेह हुआ और उन्होंने तत्काल मामले की शिकायत दर्ज कराई।
स्वरूप सिंह ने अपनी तहरीर में अजय, सोनू और मनजीत कौर नामक तीन लोगों पर संदेह व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार के साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
साइबर थाना पंतनगर प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक खातों के ट्रांजेक्शन, मोबाइल ऐप एक्टिवेशन, एटीएम से हुई निकासी और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही जिन खातों और मोबाइल नंबरों के माध्यम से धनराशि ट्रांसफर हुई है, उनकी भी पड़ताल की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि साइबर अपराधी अब बड़े बैंक खातों को निशाना बनाकर अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक खाते, मोबाइल बैंकिंग और ओटीपी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित किया जा सके।







