बेटी ने बढ़ाया अल्मोड़ा का मान, भारतीय नौसेना में बनीं सब लेफ्टिनेंट

अल्मोड़ा। जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के नैनोली गांव की बेटी दीक्षा शर्मा ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होकर क्षेत्र और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से परिवार, ग्रामवासियों और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

दीक्षा शर्मा नैनोली ग्राम के तोक बन निवासी मनोरथ शर्मा की पौत्री तथा दयाकृष्ण शर्मा की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा चंडीगढ़ में प्राप्त की। 12वीं कक्षा के बाद ही उन्होंने सेना में जाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था और उसी दिशा में लगातार मेहनत शुरू कर दी।

एमएससी (भौतिक विज्ञान) की पढ़ाई पूरी करने के बाद दीक्षा ने भारतीय नौसेना की परीक्षा की तैयारी की। उनकी मेहनत रंग लाई और उनका चयन भारतीय नौसेना की एसएससी एजुकेशन ब्रांच में हो गया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद वह सब लेफ्टिनेंट पद पर कमीशंड हुई हैं।

दीक्षा शर्मा की इस सफलता ने क्षेत्र की बेटियों के लिए एक नई मिसाल कायम की है। उनकी उपलब्धि से युवाओं को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिल रही है। परिवारजनों, रिश्तेदारों और ग्रामवासियों ने दीक्षा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

 

 

सम्बंधित खबरें