देहरादून एसएसपी ने दो चौकी प्रभारी को किया निलंबित

मसूरी में बदमाश व पुलिसकर्मियों के बीच मुठभेड़ में दो चौकी प्रभारियों की बड़ी चूक सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पिस्टल होने के बावजूद बदमाश को पकड़ने गए मयूर विहार चौकी प्रभारी जयवीर सिंह और बालावाला चौकी प्रभारी सुनील नेगी ने सूझबूझ नहीं दिखाई।इस वजह से टीम में शामिल चौकी प्रभारी मालदेवता मिथुन कुमार को गोली मारने के बाद बदमाश गेस्ट हाउस से भागने में सफल रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने समीक्षा के बाद दोनों चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

दरअसल, पुलिस को देहरादून में पत्नी के सिर पर गोली मारने वाले बदमाश के मसूरी के गेस्ट हाउस में छिपे होने की सूचना मिली थी। इस पर एसएसपी अजय सिंह ने बदमाश को पकड़ने के लिए चौकी प्रभारी मालदेवता मिथुन कुमार, मयूर विहार चौकी प्रभारी जयवीर सिंह और बालावाला चौकी प्रभारी सुनील नेगी को पूरी तरह से ब्रीफ करके भेजा था। उनके साथ दो कांस्टेबल भी थे। तीनों चौकी प्रभारियों के पास पिस्टल भी थी।

मसूरी स्थित साक्षी होम स्टे पहुंचने पर जब चौकी प्रभारी मिथुन कुमार ने दरवाजा खटखटाया तो बदमाश शुभम भागने का प्रयास करने लगा। इस पर चौकी प्रभारी मिथुन कुमार ने बहादुरी का परिचय देते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश ने उनके पेट में गोली मार दी, जिसके कारण वह बुरी तरह से जख्मी हो गए।

बताया जा रहा है कि जिस होम स्टे में यह घटना हुई है, उसमें छह कमरे हैं, लेकिन अंदर जाने व बाहर निकलने के लिए एक ही गैलरी है। चौकी प्रभारी को गोली मारने के बाद बदमाश शुभम वहां से आसानी से भाग गया, जबकि दोनों चौकी प्रभारियों ने पिस्टल निकालने तक की जहमत नहीं उठाई। पुलिस अधिकारियों की मानें तो यदि दोनों चौकी प्रभारी हवाई फायर करते तो उसे वहीं से पकड़ा जा सकता था।

सम्बंधित खबरें