फर्जी दरोगा ने अपने प्रेम जाल में युवती को फसाया, फिर ऐसे हुआ दरोगा का पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक मुस्लिम युवक ने अपनी पहचान छिपाई, खुद को दरोगा बताया और एक दलित युवती को प्रेमजाल में फंसा कर शादी करने उसके घर पहुंच गया. जहां जयमाल के बाद पता चला कि आरोपी ने जो गहने अपनी पत्नी के लिए बनवाए हैं, वह सब नकली हैं. लड़की के घर वालों ने आरोपी को पकड़ लिया और धक्का मुक्की होने लगी. इतने में आरोपी के सिर से बिग उखड़ गया. पता चला कि वह गंजा भी है. शक गहराया तो लोगों ने उसकी असलियत निकलवाई. इसमें पता चला कि आरोपी का असली नाम तबरेज आलम है और वह हिन्दू बनकर लड़की को डेट कर रहा था.

इसके बाद लड़की के घरवालों ने पुलिस बुलाकर आरोपी को सौंप दिया है. मामला कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत् का है. यहां एक गांव में रहने वाली दलित लड़की कुछ दिन पहले ही एक आर्यन कुमार नामक युवक के संपर्क में आई थी. आर्यन ने उसे बताया था कि वह गोरखपुर का रहने वाला है और उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा है. फिर दोनों में दोस्ती हुई और यह दोस्ती बाद में प्यार में बदल गई. इसके बाद आर्यन ने लड़की के घर वालों से बातचीत कर उन्हें शादी के लिए तैयार कर लिया. तय हुआ कि 25 फरवरी को बौद्ध परंपरा के तहत वह बारात लेकर आएगा और शादी होगी. इसके बाद लड़की वालों ने शादी का कार्ड छपवाया और रिश्तेदारों को बांट भी दिया.

अचानक 25 फरवरी को आरोपी ने लड़की को फोन कर बताया कि उसकी मां का देहांत हो गया है. इसलिए शादी टालनी पड़ेगी. चूंकि सारी तैयारियां हो चुकी थीं. इसलिए लड़की वालों ने दबाव बनाया तो आरोपी ने बारात के बजाय अकेले आकर रस्म पूरा करने की बात कही और लड़की वालों की रजामंदी के बाद लड़की के घर पहुंच भी गया. यहां जयमाल की रस्म हुई और आर्यन ने लड़की को अपने साथ लाए गहनों की पोटली थमा दी. वहीं जब लड़की के घर वालों ने इन गहनों को देखा तो उन्हें शक हो गया. तुरंत जांच कराई, पता चला कि सारे गहने नकली हैं. इसके बाद लोगों ने आरोपी को दबोच लिया. इसी धक्का मुक्की में आरोपी के सिर से बिग उखड़ गया.

लड़की ने बताया कि जिस दिन बारात आनी थी, ठीक उसी दिन सुबह आरोपी ने उसे फोन किया. कहा कि दहेज कम मिलने की वजह से उसकी मां को हार्ट अटैक आया और वह मर गई. इसलिए फिलहाल यह शादी नहीं हो सकती. हाथों में मेहंदी लगाए बैठी युवती ने बताया कि आरोपी के इस बदले हुए रुख से ही उसे शक हो गया. उसने तुरंत पूरी बात अपने पिता को बताई. फिर दबाव डालकर आरोपी को अकेले ही आकर शादी के लिए राजी किया गया और फिर पूरे मामले का खुलासा हो गया. कुशीनगर के एडिशनल एसपी अभिनव त्यागी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है.

सम्बंधित खबरें