फिल्म अभिनेता सलमान खान के घर पर हमला, हमले के वक्त घर पर ही थे अभिनेता

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर के बाहर रविवार सुबह 4:55 में फायरिंग की गई. भाईजान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने 2 बाइक सवारों ने 6 राउंड फायरिंग की. बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और और भाग गए. अब सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस विश्नोई के भाई अनमोल विश्नोई ने ली है.पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. सलमान खान पर खतरे को देखते हुए उनकी सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है. ऐसे में एक बार फिर यही सवाल उठ रहा है कि आखिर सलमान खान को किससे सबसे अधिक खतरा है. बता दें कि सलमान खान को बिश्नोई गैंग से काफी खतरा है. लॉरेंस बिश्नोई और भारत-कनाडा के वॉन्टिड गैंगस्टर गोल्डी बरार ने कई बार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी है. बिश्नोई और गोल्डी ने कई बार मुंबई में अपने शूटरों को सलमान को मारने के लिए भेजा है. लॉरेंस का एक बेहद खास गैंगस्टर संपत नेहरा ने 2018 में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में रेकी भी कर ली थी. हालांकि, हमले को अंजाम देने से पहले हरियाणा पुलिस ने नेहरा को गिरफ्तार कर लिया था. उसने पूछताछ के दौरान सलमान पर हमले की पूरी जानकारी का भी खुलासा किया था.

सलमान खान को बिश्नोई गैंग से खतरा है ये बात मुंबई पुलिस, दिल्ली पुलिस समेत लगभग सभी जांच एजेंसियों को पता है. लॉरेंस बिश्नोई ने एक बार फ़िल्म ‘रेडी’ की शूटिंग के दौरान अपने गुंडों के जरिए सलमान पर हमले पर प्लान बनाया था, लेकिन मनमाफिक हथियार न मिलने से ये प्लान फेल हो गया था. बिश्नोई ने अपने खास नरेश शेट्टी को सलमान खान पर हमले का जिम्मा सौंपा था. झज्जर के रहने वाले गैंगस्टर नरेश शेट्टी ने 2020 के जनवरी महीने में भी पूरा एक महीना मुंबई में रुककर कई बार सलमान खान के घर की रेकी की. लेकिन वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाया.
NIA के सामने पूछताछ में लॉरेंस बिश्नोई ने खुलसा किया कि उसके जो टॉप टेन टारगेट हैं उनमें सलमान खान नंबर एक पर है. लॉरेंस बिश्नोई के मुताबिक 1998 में सलमान खान ने एक फ़िल्म की शूटिंग के दौरान जोधपुर में काले हिरण का शिकार किया था, काले हिरण को बिश्नोई समाज पूजता है और यही वजह है कि लॉरेंस बिश्नोई सलमान खान को मौत के घाट उतारना चाहता है. इसके अलावा दिल्ली पुलिस की पूछताछ में लॉरेंस ने कहा था कि सलमान की हत्या का प्लान 3 बार फेल हो चुका है इसलिए उसने अब सलमान की हत्या का टास्क अपने भाई अनमोल को दिया है.
इतना ही नहीं कुछ समय पहले सलमान खान के ऑफिस में एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया था. सलमान के करीबी प्रशांत गुंजालकर को रोहित गर्ग से धमकी भरा मेल मिला था. ईमेल के मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बरार और रोहित गर्ग के खिलाफ आईपीसी की धारा 506 (2), 120 (बी) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था. बिश्नोई गैंग से खतरे को देखते हुए सलमान को मुंबई पुलिस ने Y प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी हुई है.

सम्बंधित खबरें