
देहरादून। रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की हत्या के मामले में पुलिस ने कर्मचारियों को हथियार देने वाले क्लब मालिक समेत चार आरोपी गिरफ्तार किए हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने देर रात बताया कि गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी शांतनु त्यागी सहित चार अन्य अभी फरार हैं। जेन-जी क्लब का लाइसेंस निरस्त कर उसे सील करने की रिपोर्ट भेज दी गई है। एसएसपी ने बताया कि शुरुआत में फॉर्च्यूनर सवार घायल रोहित और अखलाक ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सच्चाई उगल दी। घटना से पहली रात कुठालगेट स्थित जेन-जी बार में आदित्य चौधरी, शांतनु त्यागी, कविश त्यागी और उनके अन्य साथी आए थे। वहां बार कर्मचारी मोहित के साथ उनका विवाद हो गया। इस झगड़े में बार कर्मचारियों ने आदित्य चौधरी की स्कॉर्पियो कार का पिछला शीशा फोड़ दिया।
इसके बाद आदित्य और उसके साथी देख लेने की धमकी देकर वहां से चले गए। इसके बाद जब क्लब कर्मी बाहर निकले तो जोहड़ी गांव की तरफ भागते हुए स्कॉर्पियो सवार शांतनु त्यागी ने ऑटोमैटिक पिस्टल से फायरिंग की ।
पुलिस कप्तान ने बताया कि रोहित (20 वर्ष) निवासी दिल्ली। (क्लब कर्मचारी/फॉर्च्यूनर सवार), मो. अखलाक (23 वर्ष): पुत्र मो. सगीर, निवासी बिहार। (क्लब कर्मचारी/फॉर्च्यूनर सवार), संदीप कुमार (43 वर्ष): निवासी पश्चिमी दिल्ली। (जेन-जी क्लब का मालिक, हथियार सप्लायर), आदित्य चौधरी (20 वर्ष) पुत्र अंकुर चौधरी, निवासी ननूरखेड़ा नालापानी, रायपुर, देहरादून। (स्कॉर्पियो सवार) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि शांतनु (मुख्य शूटर) के अलावा कविश त्यागी, समीर चौधरी, वैभव फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों से एक तमंचा (315 बोर), एक तमंचा (32 बोर), 4 कारतूस और 02 खोखे, बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो कार बरामद हुई है।









