
लालकुआं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत हल्दूचौड़ चौकी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक शंकर नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्मैक के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी उप निरीक्षक शंकर नयाल ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान लीसा फैक्ट्री से लगभग 100 मीटर आगे राधा बंगर रोड पर पुलिस ने बाइक संख्या UK04AJ-9865 (होंडा शाइन) से जा रहे दो संदिग्ध युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से क्रमशः 4.5 ग्राम एवं 3.63 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज चन्द्र (25 वर्ष) निवासी वासुदेव पुरम, मुखानी हल्द्वानी और विपिन मौर्या (21 वर्ष) निवासी वासुदेव पुरम, मुखानी हल्द्वानी के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक लालकुआं पुल के नीचे से शरीफ नामक व्यक्ति से लेकर आए थे। जिसके आधार पर पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत आरोपी शरीफ का नाम भी बढ़ाते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर संख्या 37/26, धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक शंकर नयाल, चौकी प्रभारी हल्दूचौड़, कांस्टेबल उमेश गिरी, कांस्टेबल कुवेर राणा शामिल रहे।









