
हल्द्वानी बार चुनाव आज: 1324 अधिवक्ता करेंगे मतदान, 3:30 बजे से शुरू होगी मतगणना!
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी
हल्द्वानी बार एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित चुनाव आज शनिवार को आयोजित किए जा रहे हैं, जिनको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव से एक दिन पूर्व मुख्य चुनाव अधिकारी आनंद पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने की अंतिम रणनीति तय की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगा, जिसके तुरंत बाद सायं 3:30 बजे से मतगणना प्रारंभ कर दी जाएगी। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि न्यायालय परिसर के भीतर किसी भी प्रकार के फ्लैक्स, बैनर और प्लास्टिक सामग्री का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही सभी मतदाताओं के लिए बार काउंसिल द्वारा जारी पहचान पत्र लाना अनिवार्य किया गया है।
विशेष रूप से वर्ष 2010 के बाद बार एसोसिएशन के सदस्य बने अधिवक्ताओं को अखिल भारतीय बार परीक्षा (AIBE) उत्तीर्ण प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अभाव में उन्हें मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस बार चुनाव में कुल 1324 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 280 महिला और 1044 पुरुष अधिवक्ता शामिल हैं।
बैठक में चुनाव समिति के सदस्य मनोज बिष्ट, नीरज जोशी, हिमांशु डालाकोटी, मोहित पाण्डेय, महेन्द्र बुटौला, बृजेश बिष्ट, दलीप रावल, मोहित मैनाली, सुनील बुधलाकोटी, सुनील कुमार, गौतम प्रकाश, तरुण कुमार, मुजाहिद हुसैन, माहित कांडपाल, नवल किशोर, शोभित दुम्का, डिम्पल रावत, भगवती पलड़िया, मृदुल जोशी, पारस चन्दोला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अब सभी की नजरें शाम की मतगणना पर टिकी हैं, जहां बार एसोसिएशन की नई टीम का फैसला होगा।









