हल्द्वानीः दो लाख लेने के बदले 17 लाख दे चुकी है महिला, सूदखोर ने मकान भी हड़पा

शहर में सूदखोरों का आतंक फैला हुआ है। शहर के गरीब तबके के लोग इनके जाल में फंसे हुए है। जो भी एक बार इन सूदखोरों के जाल में फंसा, वह बाहर नहीं निकल पाता है। यह ब्याज पर ब्याज लगाकर कर्जदारों के घर तक बिकवा दे रहे है। अब एक मामला मुखानी क्षेत्र में सामने आया है। जहां पुलिस के पास पहुंची एक पूर्व सैनिक की पत्नी ने पड़ोसी पर मकान कब्जा करने का आरोप लगाया है। कहा कि उसने दो लाख रूपये लिए थे जिसके एवज में ब्याज सहित 17 लाख रुपये अभी तक दे दिए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार फतेहपुर स्थित रामड़ी आनसिंह निवासी भावना बिष्ट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके24 अप्रैल 2021 में भावना की बहन की शादी थी। वह बहन को सोने का जेवर देना चाहती थी। उसका पड़ोसी हेमंत ब्याज पर रुपये देने का काम करता है। ऐसे में उसने पति को बिना बताए पड़ोसी से 10 प्रतिशत ब्याज पर दो लाख रुपये उधार लिए थे। भावना के पति पूर्व सैनिक मुंबई में कार्यरत है। वह घर खर्च के लिए जो रूपये भेजते थे तो भावना उसमें से कर्जा चुका रही थी।

महिला का आरोप है कि नकदी व ऑनलाइन माध्यम से उसने हेमंत को 17 लाख रुपये चुका दिए लेकिन उसके बाद भी आरोपी उनपर बकाया निकालने लगा। पति व बच्चों को जान से मरवाने की धमकी देकर आरोपी ने मकान के फर्जी दस्तावेज बनवाकर एलआईसी से 18 लाख का लोन ले लिया। इसके अलावा मकान की रजिस्ट्री भी जबरन अपनी पत्नी के नाम पर करा ली। पुलिस के पास पहुंची पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुखानी एसओ पंकज जोशी ने बताया कि मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

बता दें कि लंबे समय से हल्द्वानी में सूदखोरों का आंतक जारी है। इससे पहले भी सूदखोरों के कई मामले अधिकारियों के पास पहुंच चुके है, लेकिन इनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं होने से इनके हौंसले बुलंद होते जा रहे है। सूदखोरों ने महिलाओं को ही अपना निशाना बनाया है। अधिकांश पीड़ित मुखानी, राजपुरा, बनभूलपुरा, कुल्याणपुरा, जीतपुरनेगी के निवासी है। इन क्षेत्रों में सूदखोर सक्रिय है।

सम्बंधित खबरें