
हल्द्वानी का एक और युवक हुआ साइबर ठगी का शिकार
पुलिस के अनुसार हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के एक युवक ने पुलिस में लिखित तहरीर देते हुए कहा है कि दिसंबर माह में टेलीग्राम एप के जरिए कुछ अज्ञात लोगों ने संपर्क कर उन्हें ट्रेंडिंग वेबसाइट का लिंक शेयर किया। वेबसाइट पर लॉगइन करने के लिए कहा। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए पहले दिन कुछ बोनस भी दिखाया गया, जिससे वे ठगों के जाल में फंस गए। 25 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच ठगों के बताए गए अलग-अलग खातों में उन्होंने कुल 5.20 लाख रुपये जमा कराए।
पीड़ित का आरोप है कि इतनी बड़ी रकम जमा कराने के बावजूद न तो उन्हें कोई बोनस मिला और न ही उनकी मूल राशि वापस की गई। इसके बाद युवक को ठगी का एहसास हुआ।इसके बाद जब उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की तो ठगों ने जवाब देना बंद कर दिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाना हल्द्वानी में दर्ज कराई है। हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दी गई है। साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









