
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित भूरारानी क्षेत्र में एक युवती के कथित अपहरण और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 25 जुलाई की देर रात की है। पीड़िता ने बताया कि वह अपनी एक सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान तीन बाइक सवार युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर सभी को जबरन रोक लिया। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने दोनों युवकों और दोनों युवतियों को उनकी ही बाइक पर बैठाकर गदरपुर की ओर ले जाना शुरू कर दिया तथा रास्ते भर धमकाते रहे।
रास्ते में मौका मिलते ही एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर भाग निकले, जबकि दूसरी युवती और एक युवक आरोपियों के कब्जे में रहे। आरोप है कि गदरपुर क्षेत्र पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक को रास्ते में उतार दिया और युवती को हाईवे-74 के पास एक खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
एसपी सिटी रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस को देर रात सूचना मिल गई थी, लेकिन घटनास्थल की सटीक जानकारी नहीं मिलने के कारण तत्काल लोकेशन का पता नहीं चल सका। युवती के बयान देने की स्थिति में आने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा स्निफर डॉग की भी मदद ली गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।







