
बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामला: सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले हल्द्वानी में हाई अलर्ट!
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है। फैसले से पहले प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर बनभूलपुरा क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे इलाके में फ्लैग मार्च कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर!
सुनवाई को देखते हुए पुलिस, फायर यूनिट, टियर गैस दस्ता, ड्रोन यूनिट और पीएसी की तैनाती की गई है। क्षेत्र में लगातार एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग के साथ संदिग्ध व्यक्तियों पर कार्रवाई जारी है। कोर क्षेत्र में बिना लोकल पहचान पत्र के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
फ्लैग मार्च से दिया शांति का संदेश!
पुलिस ने रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर-17, इंदिरानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इंदिरानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर-8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा और रेलवे स्टेशन गेट सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल सहित पुलिस और पीएसी के जवान मौजूद रहे।
एसएसपी की सख्त चेतावनी!
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी स्थिति पर कड़ी नजर रखने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
अफवाहों से बचने की अपील!
प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने और शांति बनाए रखने की अपील की है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की सतर्क निगरानी जारी है। किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।









