सिडकुल की ग्रीन पैनल फैक्ट्री पर आयकर विभाग का छापा पंतनगर समेत कई राज्यों में एक साथ कार्रवाई, करोड़ों की टैक्स अनियमितताओं की जांच!

इनकम टैक्स रेड,

ग्रीन पैनल फैक्ट्री पर आयकर विभाग का छापा

पंतनगर समेत कई राज्यों में एक साथ कार्रवाई, करोड़ों की टैक्स अनियमितताओं की जांच!

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | रुद्रपुर

औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल पंतनगर स्थित ग्रीन पैनल फैक्ट्री में गुरुवार तड़के आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई सुबह करीब छह बजे शुरू हुई, जब आधा दर्जन वाहनों में सवार अधिकारी फैक्ट्री परिसर पहुंचे और जांच प्रारंभ कर दी।

सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें पंतनगर के अलावा देश के विभिन्न राज्यों में स्थित कंपनी के अन्य प्रतिष्ठानों पर भी एक साथ छापेमारी कर रही हैं। इसे समन्वित राष्ट्रीय स्तर की कार्रवाई माना जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से फैक्ट्री के प्रवेश और निकास द्वारों को विभागीय टीम ने अपने नियंत्रण में ले लिया। परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन अस्थायी रूप से जब्त किए गए। बाहरी हस्तक्षेप रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक छापेमारी करोड़ों रुपये की कथित टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित है। आयकर अधिकारी कंपनी के लेखा अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, बैंक लेनदेन, डिजिटल डाटा और कंप्यूटर हार्ड डिस्क की जांच कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि दिल्ली और बरेली से आई टीमों के नेतृत्व में यह कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल जांच जारी है और फैक्ट्री परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।

आयकर विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। छापेमारी की सूचना के बाद सिडकुल क्षेत्र की अन्य औद्योगिक इकाइयों में भी हलचल देखी गई।

 

सम्बंधित खबरें