
उत्तराखंड में साल 2026 में चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है, जबकि बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसी बीच केदारनाथ यात्रा को आसान बनाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग आज 11 अप्रैल से शुरू हो रही है।
हेलीकॉप्टर से यात्रा करने के इच्छुक श्रद्धालु शनिवार शाम 6 बजे से अपनी टिकट बुक कर सकेंगे। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि टिकट केवल IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही बुक की जाएगी, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे और किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी अन्य वेबसाइट या एजेंट के माध्यम से टिकट बुकिंग न करें।
टिकट बुक करने के लिए सबसे पहले heliyatra.irctc.co.in वेबसाइट पर जाकर मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिए लॉगिन करना होगा। इसके बाद यात्रा की तारीख, हेलीपैड और समय स्लॉट का चयन करना होगा। फिर यात्रियों की जानकारी जैसे नाम, आयु और आधार नंबर दर्ज करने के बाद ऑनलाइन भुगतान कर टिकट प्राप्त की जा सकती है।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए उत्तराखंड पर्यटन पोर्टल पर पंजीकरण कराना भी अनिवार्य है।
हेलीकॉप्टर सेवा के किराए की बात करें तो गुप्तकाशी से केदारनाथ का रिटर्न किराया करीब 12,762 रुपये, फाटा से 10,164 रुपये और सिरसी से 6,390 रुपये निर्धारित किया गया है। यह किराया आने-जाने दोनों का शामिल है।









