

बीती चार जनवरी की आधी रात को भारामल बाबा मंदिर में महंत हरिगिरी महाराज और शिष्य की हत्या के चश्मदीद गवाह नन्हे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। नन्हे का शव निर्वाण कुटिया के बाहर खकरा नाले में मिला। सनसनीखेज हत्याकांड के तीन हफ्ते बाद भी पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी है, लेकिन वारदात के चश्मदीद गवाह की मौत से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
बुधवार देर रात ग्राम कासिमपुरा, बीसलपुर जिला पीलीभीत (यूपी) के मूल निवासी नन्हे (43) की खकरा नाले में डूबने से मौत हो गई। नन्हे को झनकईया थाना पुलिस मंगलवार को पूछताछ के लिए लेकर गई थी। बुधवार रात साढ़े आठ बजे पुलिस उसे निर्वाण कुटिया में बाबा रामगिरि और सेवादार शंकर की सुपुर्दगी में सौंपकर चली गई। नन्हे ने यहां रात का भोजन किया और करीब 9.48 बजे टॉयलेट जाने की बात कहकर उठा और अपना फोन धुनी के पास रखकर वॉश रूम की तरफ गया पर लौटा नहीं। रात में पहुंची पुलिस ने तलाश की तो नन्हे की बॉडी नाले से बरामद हुई।
भारामल बाबा मंदिर में हुए दोहरे हत्याकांड में जांच के नाम पर पुलिस 20 दिन से लकीर पीट रही है। हत्याकांड का खुलासा होना तो दूर, अब नन्हे की मौत के बाद इस पूरे हत्याकांड का रहस्य और गहरा गया है। जबकि इस मामले में तीन जिलों की पुलिस, अपर पुलिस अधीक्षक सहित 50 पुलिस कर्मी जांच में जुटे हैं। बुधवार को डीआईजी कुमाऊं स्वयं मौका मुआयना करके लौटे और रात को हत्याकांड के एकमात्र चश्मदीद गवाह की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र होने अैर भारामल बाबा मंदिर में लोगों की काफी आस्था होने के कारण पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए पूरी ताकत झोंकी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी खुद मामले की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। झनकईया थाने में नौ एएचओ, तीन सीओ, तीन एएसपी, एसपी क्राइम सहित 50 पुलिस कर्मी इस मामले के खुलासे के लिए लगाए गए थे। इसमें चम्पावत और नैनीताल जिले तक की पुलिस लगी हुई थी। इतना भारी अमला जांच में लगा होने के बावजूद पुलिस 20 दिन में जांच के नाम पर किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। एसएसपी ने बुधवार को कहा था कि उनके हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं।
पुलिस शीघ्र मामले का खुलासा कर देगी। पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचती, उससे पहले एकमात्र चश्मदीद गवाह की मौत हो गई। दोहरे हत्याकांड का चश्मदीद नन्हे भाग रहा था या नाले के उस पार उसे कोई लेने आया था, यह भी सवाल है। ऐसा तो नहीं कि दूसरी छोर पर कोई हो और जब नन्हे नाले में गिर गया तो वह वहां से भाग गया हो? ऐसे कई सवाल हैं, जिनका जवाब पुलिस को खोजना है।









