उत्तराखंड-नेपाल बॉर्डर पर बड़ा हादसाः बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 गंभीर घायल

एक्सीडेंट,

 

पिथौरागढ़। उत्तराखंड से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झूलाघाट के पास भारतीय सीमा से लगे क्षेत्र में बारात से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार, बस नेपाल के बैतड़ी जिले से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। गुरुवार देर रात पुरचुंणी नगरपालिका क्षेत्र के भवने गांव के पास बड़गांव मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, प्रहरी पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

 

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया!जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि हादसे में छह बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा पांच लोगों की डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई, जबकि दो घायलों ने कोटिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।

 

दुर्घटना में जान गंवाने वालों में केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी, विष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), मोहन देव भट्ट (60) निवासी बजांग केदारस्यु गांव पालिका, केशव भट्ट (27) निवासी बजांग केदारस्यु गांव पालिका, बसंत राज रतला (40) निवासी बजांग जय पृथ्वी नगर पालिका-7, पुष्पा अवस्थी (40) निवासी बैतड़ी पुरचुंणी नगरपालिका-7 और सुशील जोशी निवासी पुरचुंणी नगरपालिका-7 शामिल हैं।

 

प्रहरी प्रवक्ता के अनुसार हादसे में बस चालक विरेंद्र बुढा, निवासी भीमदत्त नगरपालिका-7, कंचनपुर, को भी चोटें आई हैं। घायल चालक को उपचार के बाद प्रहरी ने अपने नियंत्रण में ले लिया है। सभी घायलों का डडेलधुरा अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है।

 

प्राथमिक जांच में बस हादसे का कारण ओवरलोडिंग बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अधिक सवारियां होने के कारण बस चढ़ाई पर संतुलन खो बैठी और पीछे की ओर फिसलते हुए खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नेपाल प्रशासन की ओर से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

सम्बंधित खबरें