अल्मोड़ा के जी.बी.पंत पार्क का नैनीताल बैंक ने कराया सौंदर्यीकरण, एमडी सुशील कुमार लाल ने किया लोकार्पण

नैनीताल बैंक

नैनीताल बैंक लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत अल्मोड़ा के जी. बी. पंत पार्क का सौंदर्यीकरण कराया है। बैंक ने अपनी ओर से 2.47 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी।

बुधवार को नैनीताल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD & CEO) श्री सुशील कुमार लाल ने इन कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर अल्मोड़ा नगर निगम के मेयर अजय वर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उत्तराखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है बैंक: एमडी

लोकार्पण समारोह के दौरान एमडी श्री सुशील कुमार लाल ने कहा कि नैनीताल बैंक सामाजिक दायित्व (CSR) की गतिविधियों में लगातार और सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक उत्तराखंड के समग्र विकास और अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं में भी बैंक सक्रिय सहभागिता निभा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैंक भविष्य में भी समाज और राज्य के विकास में सार्थक योगदान की इस मुहिम को जारी रखेगा।

मेयर ने की बैंक के जनहित कार्यों की सराहना

कार्यक्रम में मौजूद मेयर अजय वर्मा ने एमडी सुशील कुमार लाल का शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया। उन्होंने नैनीताल बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए बैंक द्वारा की जा रही सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों की जमकर सराहना की। महापौर ने आश्वासन दिया कि अल्मोड़ा नगर निगम बैंक के व्यवसाय को बढ़ाने और ऐसे नेक कार्यों में अपना हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

इस अवसर पर अल्मोड़ा नगर के कई गणमान्य नागरिक और बैंक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस मौके परनैनीताल बैंक के उप क्षेत्रीय प्रबंधक दिगंबर कठैत, एल.आर.साह रोड शाखा के प्रबंधक प्रकाश पुजारी, लोअर माल रोड शाखा के प्रबंधक नवीन चुफाल और अभिषेक पंत सहित अन्य बैंक कर्मी मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में बैंक की कर्मचारी वंदना सुयाल ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

सम्बंधित खबरें