

मध्य प्रदेश के मुरैना से शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला के साथ तीन लोगों ने दुष्कर्म किया और फिर इसे जिंदा आग के हवाले कर दिया। घटना से इलाके में दहशत है। फिलहाल पीड़िता अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
जानकारी के अनुसार यह घटना गत दिवस को अंबाह कस्बे से करीब तीन किलोमीटर दूर चांद का पुरा गांव में हुई। पीड़ित महिला के पति पर रेप का आरोप है। आरोपी की पत्नी उस महिला से राजीनामा करने गई थी, जिसने पति पर आरोप लगाया है। इसी दौरान तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ गैंगरेप किया। जब महिला भागने लगी तो दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला समेत अन्य लोगों ने उसे पेट्रोल डालकर जला दिया।
हाल ही में पति जेल से बाहर आया
पीड़ित महिला ने बयान में बताया कि उसके पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला समेत उसकी चाची और भाभी ने आग लगा दी। बताया जा रहा है कि जनवरी के महीने में महिला के पति पर दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था। वह अभी जेल में था और हाल में ही जमानत पर छूटकर आया है। पीड़ित महिला की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है।








