नैनीताल। नैनीताल जिले के भवाली-ज्योलीकोट मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां केएमओयू की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कई यात्री घायल हो गए, जिनमें से 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह सड़क हादसा भवाली मार्ग स्थित खुपी क्षेत्र के पास भूमिधार मंदिर के आसपास हुआ। बताया जा रहा है कि बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार थे। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण बस सड़क किनारे पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना सुबह करीब 7:27 बजे आपदा कंट्रोल रूम को मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सात घायलों को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग करते हुए घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
इस दुखद हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। एसडीआरएफ ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और अन्य यात्रियों की स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक द्वारा बस पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









