ऑपरेशन प्रहार: सीएम धामी के एक्शन मोड के बाद पुलिस अलर्ट, ऑपरेशन प्रहार से मचेगा हड़कंप

ऑपरेशन प्रहार,

देहरादून। हाल ही में राजधानी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड पुलिस अब सख्त एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश परऑपरेशन प्रहार चलाया जाएगा, जिसके तहत अपराधियों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

 

DGP दीपम सेठ ने पुलिस मुख्यालय में कानून-व्यवस्था को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ नीलेश आनन्द भरणे, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान डीजीपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए जिम्मेदारियां तय कीं। आईजी गढ़वाल को देहरादून की कानून-व्यवस्था की दैनिक निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की टास्किंग तय कर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग बनी रहे।

 

इसके अलावा क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को स्वयं फील्ड में सक्रिय रहने, चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और बैरियरों पर सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। खासतौर पर सुबह के समय पुलिस बल की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

आईजी एसटीएफ और एसएसपी एसटीएफ को राजधानी में सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किरायेदारों, पीजी और होम-स्टे में रहने वाले लोगों का सघन सत्यापन अभियान चलाने और उनकी गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखने को कहा गया। इसके अलावा तय समय के बाद खुले रहने वाले बार और पब्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं।

डीजीपी ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। इस विशेष अभियान से राजधानी में कानून-व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

सम्बंधित खबरें