

पिथौरागढ़ में हुए एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है और कई गंभीर रूप से घायल हैं। बताया गया है कि चमाली रोड में आज तड़के एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह जीप शादी समारोह से लौट रही थी। जीप में कुल 08 लोग सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सोमवार सुबह जिला मुख्यालय के चमाली रोड में एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है जबकि चार लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला मुख्यालय से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है।
रेस्क्यू आपरेशन चला घायलों को खाई से निकालकर ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों का उपचार चल रहा है। जिनमें से कई की हालत काफी गंभीर है। हादसे में पवन कुमार (37) पुत्र जगत राम निवासी डूंगरी रावल पिथौरागढ़, अंगद कुमार उम्र (30) पुत्र जगत राम निवासी डूंगरी रावल पिथौरागढ़, कैलाश राम उम्र (42) पुत्र शोबन राम निवासी डूंगरी रावल पिथौरागढ़, अजय कुमार उम्र (31) पुत्र होशियार राम निवासी डूंगरी रावल पिथौरागढ़ की मौत की पुष्टि हुई है।









