

प्रदेशभर के होम स्टे के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इसकी पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही बोर्ड इसके लिए अलग से पोर्टल लांच करेगा। पोर्टल के माध्यम से न केवल देश, बल्कि दुनियाभर के पर्यटक भी सीधे बुकिंग करके होम स्टे तक पहुंच सकेंगे।
पर्यटन विकास परिषद ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। होम स्टे संचालकों से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर होम स्टे के निशुल्क पंजीकरण का सहमतिपत्र देना होगा। इसके लिए उन्हें अपने होम स्टे का नाम, स्वामी का नाम, पंजीकरण संख्या, कुल कक्षों की संख्या, होम स्टे की श्रेणी, जिला, मोबाइल नंबर व ई-मेल की जानकारी निर्धारित प्रारूप पर भरकर पर्यटन विकास परिषद में जमा करानी होगी।
इस सहमति के बाद सभी होम स्टे को परिषद की ओर से यात्रियों, पर्यटकों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पोर्टल का लाभ राज्य में आवास विकल्पों की तलाश करने वाले घरेलू व अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को होगा।
इसके लिए परिषद सुव्यवस्थित बुकिंग प्रक्रिया अपनाएगी। माना जा रहा कि इससे होम स्टे की आय में बढ़ोतरी होगी। जिन लोगों के पास अपने प्रचार-प्रसार की सुविधा नहीं है, उन्हें इस पोर्टल के माध्यम से सीधे बुकिंग का अवसर मिलेगा।









