खराब मौसम के चलते अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके राहुल गांधी, ऑनलाइन जुड़े कार्यकर्ताओं से

अल्मोड़ा/ऊधम सिंह नगर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के दौरान गुरुवार को मौसम ने कार्यक्रम में बाधा डाल दी। अल्मोड़ा में खराब मौसम और प्रतिकूल उड़ान परिस्थितियों के चलते राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अल्मोड़ा नहीं पहुंच सका और उसे वापस पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा।

 

पंतनगर एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ किच्छा विधायक तिलक राज बहेड़ भी मौजूद रहे। अल्मोड़ा में राहुल गांधी की जनसभा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला, लेकिन मौसम की खराबी के कारण उनका कार्यक्रम प्रभावित हुआ।

 

हालांकि, खराब मौसम के बावजूद राहुल गांधी ने जनसभा को निराश नहीं होने दिया।

उन्होंने वर्चुअल माध्यम से अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित किया और कार्यकर्ताओं तथा जनता से संवाद किया। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

फोन के कॉलिंग द्वारा वर्चुअल संबोधन के बाद राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट से अपने अगले कार्यक्रम के तहत पौड़ी के लिए रवाना हो गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है और उनके कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा जोश देखने को मिल रहा है।

 

सम्बंधित खबरें