
रामनगर
आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक फुटकर एवं डिस्ट्रीब्यूटर खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान फल, मिठाई, खजला, सेवई और खजूर बेचने वाले प्रतिष्ठानों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
निरीक्षण टीम ने प्रतिष्ठान स्वामियों को निर्देश दिए कि वे केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेचें, बिना बिल के सामान खरीदने से बचें, स्टॉक का पूरा रिकॉर्ड रखें और कालातीत (एक्सपायर्ड) खाद्य सामग्री का भंडारण या विक्रय न करें। साथ ही स्टोर की नियमित सफाई और कीटाणुनाशक दवाओं के छिड़काव के निर्देश भी दिए गए।
कार्रवाई के दौरान एक थोक विक्रेता से संदेह के आधार पर खजूर का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारों होली और रमजान को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है और किसी भी हालत में मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं होने दिया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में खताड़ी की तीन दुकानों — एक बिरयानी, एक फल और एक खजूर विक्रेता — द्वारा लाइसेंस प्रस्तुत न कर पाने पर उन्हें एक सप्ताह का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 31(2) के तहत विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि आयुक्त के निर्देश पर जनपद में संयुक्त निरीक्षण टीमें गठित की गई हैं, जो प्रतिदिन कार्रवाई कर रिपोर्ट आयुक्त कार्यालय को भेज रही हैं।









