रामनगर में औषधि विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, तीन मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई! दवाओं के सैंपल जांच को भेजे, कई दुकानदार दुकानें बंद कर फरार!

औषधि विभाग

रामनगर। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में औषधि विभाग की टीम ने सोमवार को अचानक छापेमारी कर मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा दिया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए, जबकि तीन मेडिकल स्टोरों में अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई की।

औषधि निरीक्षक अर्चना उप्रेती के नेतृत्व में टीम ने नगर क्षेत्र के साथ ही ग्राम गौजानी में कई मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं के रख-रखाव, लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान एक मेडिकल स्टोर पर गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया। वहीं दो अन्य मेडिकल स्टोरों में भी कई खामियां सामने आईं, जिनके संचालकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

औषधि निरीक्षक डॉ. उप्रेती ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुछ दवाओं के सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित मेडिकल स्टोरों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ मेडिकल स्टोर संचालक अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। ऐसे दुकानों को भी चिन्हित किया जा रहा है और जल्द ही उनके खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना लाइसेंस दवाओं की बिक्री, नियमों का उल्लंघन और अवैध संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि लोगों को सुरक्षित और मानक गुणवत्ता वाली दवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

सम्बंधित खबरें