सनसनी: खाटू श्याम मंदिर परिसर में पुजारी की हत्या, चोरी के दौरान बदमाशाें के मौत के घाट उतारने की आशंका

खाटू श्याम मंदिर

हरिद्वार। हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के भोगपुर गांव स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर में रविवार सुबह पुजारी का शव मिला। आशंका है कि मंदिर में चोरी के दौरान बदमाशाें ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया। सीओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर स्वामी संजय सैनी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

लक्सर कोतवाली क्षेत्र में भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के गांव भोगपुर के पास खाटू श्याम जी का मंदिर है। मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र के गोधना गांव निवासी राजवीर (65) पिछले दो माह से मंदिर में रहकर देखभाल और पूजा-पाठ कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार सुबह पूजा के लिए मंदिर पहुंचे ग्रामीण को परिसर में पुजारी लहूलुहान हालत में पड़े मिले। सूचना पर सीओ देवेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी, भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि राजवीर की मौत हो चुकी है।

 

सीओ ने बताया कि आशंका है कि शनिवार रात, एक या कुछ बदमाश चोरी की मंशा से मंदिर में घुसे होंगे। इस दौरान पुजारी के विरोध करने पर बदमाशों ने किसी भारी वस्तु से उनके सिर पर वार कर हत्या कर दी होगी और फरार हो गए। सीओ ने बताया कि मंदिर स्वामी संजय सैनी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

सम्बंधित खबरें