
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर से हनीट्रैप (Honeytrap) का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को प्रेम जाल में फंसाकर न केवल बंधक बनाया गया, बल्कि उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर आठ लाख रुपये की फिरौती भी मांगी गई। पीड़ित युवक मनोज कुमार, जो उत्तर प्रदेश के रामपुर का निवासी है, ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
घटना की शुरुआत अक्तूबर 2025 में एक मिस कॉल से हुई थी। पीड़ित के अनुसार, नेहा नाम की एक लड़की ने दोस्ती का नाटक रचा और करीब एक हफ्ते तक मीठी बातों और ‘गुड मॉर्निंग’ संदेशों के जरिए उसे अपने जाल में उलझाए रखा। 19 नवंबर को जब युवक लड़की के बुलावे पर रुद्रपुर पहुँचा, तो उसे दक्ष चौराहे पर पिंकी और जोहरा (नेहा) नाम की दो लड़कियां मिलीं। उसे झांसा देकर एक घर में ले जाया गया, जहाँ उसके लिए साजिश पहले से तैयार थी।
पीड़ित का आरोप है कि घर पहुँचते ही उसे बंधक बना लिया गया। वहां मौजूद दीपक कश्यप और उसके साथियों ने युवक के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद जबरन उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। आरोपियों ने वीडियो के बदले आठ लाख रुपये की भारी-भरकम फिरौती की मांग की। जब युवक ने पैसे देने से मना किया, तो उसे बेरहमी से पीटा गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
आरोपियों ने युवक के पर्स से 14,500 रुपये नकद लूट लिए और जान से मारने की धमकी देकर उसे छोड़ दिया। डरे-सहमे युवक ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि यह एक पेशेवर गिरोह हो सकता है जो भोले-भाले लोगों को निशाना बनाता है। पुलिस जनता से अपील कर रही है कि अज्ञात नंबरों से होने वाली दोस्ती को लेकर सतर्क रहें।









