
रुद्रपुर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, नाबालिग से दुष्कर्म कर कराया जा रहा था देह व्यापार — दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार!
रुद्रपुर। उद्यम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर में पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और जबरन अनैतिक देह व्यापार कराने वाले संगठित गिरोह का सनसनीखेज खुलासा किया है। उधम सिंह नगर जनपद की आईटीआई कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है तथा मई 2025 से लापता नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हरियावाला क्षेत्र में बंधक बनाकर रखी गई पीड़िता को मुक्त कराया। मामले में आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
आईटीआई कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबे समय से लापता नाबालिग लड़की को हरियावाला इलाके में बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी गई।
छापेमारी के दौरान जाहिद के मकान से नाबालिग पीड़िता को बरामद किया गया। मौके से जाहिद, शिवम, शोभा और सोमा को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो महिलाएं भी गिरोह में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं।
बंधक बनाकर कराया जा रहा था देह व्यापार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपितों ने नाबालिग को लंबे समय तक बंधक बनाकर रखा और उससे जबरन अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था। जांच में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि भी सामने आई है, जिसके बाद मामले को गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









