
नैनीताल। महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध नैनीताल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल कर पीड़िता को धमकाने वाले फरार आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर महिला की निजी तस्वीरें और वीडियो अपलोड कर रहा था तथा अकाउंट बंद करने के एवज में पीड़िता से निजी फोटो-वीडियो भेजने का दबाव बना रहा था।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2025 को पीड़िता ने कोतवाली लालकुआं में तहरीर दी थी कि एक युवक फर्जी आईडी बनाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो अमर्यादित शब्दों के साथ अपलोड कर रहा है। साथ ही अकाउंट बंद करने के बदले निजी फोटो-वीडियो मांगते हुए उसे धमका रहा है। आरोपी ने पीड़िता के भाई और पिता को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली लालकुआं में मु. एफ.आई.आर. संख्या 153/25 धारा 77/79/351(3) बीएनएस व 66(सी)/67(ए) आईटी एक्ट के तहत सत्यम कुमार गुप्ता पुत्र अशोक कुमार गुप्ता निवासी दमदाहा, जिला पूर्णिया (बिहार) उम्र 20 वर्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना निरीक्षक ललिता पांडे को सौंपी गई, लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, एसपी/क्षेत्राधिकारी लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी को रोहतक-झज्जर मार्ग, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन (मॉडल Moto G35, 5G) बरामद हुआ, जिसकी गैलरी में पीड़िता के निजी वीडियो डाउनलोड फोल्डर में मौजूद मिले।
पुलिस का कहना है कि इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ शंकर नयाल
कांस्टेबल गुरमेज सिंह शामिल रहे।









