उधम सिंह नगर/बाजपुर : तराई में किसान संगठनों की बैठक, आज इस टोल प्लाजा को करेंगे बंद

बाजपुर:  संयुक्त किसान मोर्चा के ग्रामीण भारत बंद के आह्वान पर बाजपुर में विभिन्न किसान संगठनों से जुड़े ग्रामीण किसानों ने खेती-बाड़ी के कामों को बंद रखा। वहीं चीनी मिल गेट पर किसानों ने गन्ना सप्लाई बंद करवा दी और गेट के आगे दरी बिछाकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। वहीं किसानों ने शनिवार को टोल प्लाजा बंद कराने का निर्णय लिया है।

संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान भारत सरकार ने तीन कृषि कानूनों को वापस लेते हुए किसानों से एमएसपी की गारंटी, बिजली बिल, कर्ज मुक्ति आदि विषयों पर आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।

इसी कारण संयुक्त किसान मोर्चा को भारत बंद की काल देनी पड़ी। किसानों की मांगों को लेकर कुछ किसान संगठन जो दिल्ली कूच कर रहे थे उन्हें भी हरियाणा सरकार द्वारा खनौरी व शंभू बार्डर पर रोका गया है, आंसू गैस के गोले, लाठीचार्ज में बहुत से किसान घायल हुए हैं।

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा ने कहा कि किसानों पर की जा रही तानाशाही ना रुकी तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। किसान यूनियन एकता उग्राहां के जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह रंधावा ने कहा कि भारत सरकार किसानों के साथ अमानवीय व्यवहार कर रही है, जो किसी भी तरह से बर्दाश्त योग्य नहीं है।

भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष प्रताप सिंह संधू ने कहा कि सरकार की वादाखिलाफी व तानाशाही के खिलाफ किसान मजदूर शक्ति एकजुट होकर लड़ेगी। कार्यक्रम को भूमि बचाओ सत्याग्रह के अगुवा रजनीत सिंह सोनू, किसान नेता अजीत प्रताप सिंह रंधावा, बिजेंद्र सिंह डोगरा, अमरनाथ शर्मा, केके शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जसवीर सिंह, गुरमीत सिंह पिंकू, देवेश प्रताप सिंह, शेर सिंह, गुरजीत सिंह, जगतार सिंह, राजकिशोर, महा सिंह आदि मौजूद थे।

सम्बंधित खबरें