केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह कल विकास की सौगात लेकर आयेंगे हरिद्वार,

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह

देवभूमि उत्तराखंड में कल 7 मार्च को धर्मनगरी हरिद्वार एक बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक आयोजन की साक्षी बनेगी। राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर “जन-जन की सरकार, बेमिसाल 4 साल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन हरिद्वार के बैरागी कैंप में किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते चार वर्षों में प्रदेश में हुए विकास कार्यों की झलक विशेष प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। प्रदर्शनी में सड़कों और आधारभूत ढांचे के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा क्षेत्र में सुधार, पर्यटन विकास, निवेश को प्रोत्साहन तथा धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा।

इसके साथ ही सीमांत क्षेत्रों के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े परियोजनाओं को मॉडल, चित्रों और जानकारीपूर्ण पट्टिकाओं के माध्यम से लोगों के सामने रखा जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी की संभावना जताई जा रही है और इसे प्रदेश के बड़े जनसमागम के रूप में देखा जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री अमित शाह नागरिकता संशोधन अधिनियम के तहत पांच लोगों को भारत की नागरिकता के प्रमाण पत्र भी सौंपेंगे। प्रमाण पत्र मिलने के बाद ये सभी व्यक्ति औपचारिक रूप से भारत के नागरिक बन जाएंगे।

इसके अतिरिक्त 7 से 9 मार्च तक बैरागी कैंप में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम से संबंधित प्रावधानों की जानकारी आमजन को दी जाएगी, ताकि नई न्याय व्यवस्था के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करेगा, बल्कि उत्तराखंड में विकास, सुशासन और जनभागीदारी के नए संदेश को भी व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास करेगा। हरिद्वार की पावन धरती से उठने वाला यह आयोजन एक बार फिर प्रदेश की विकास यात्रा को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करेगा।

सम्बंधित खबरें