
उत्तराखंड। राजधानी देहरादून में छात्र गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई ने खौफनाक रूप ले लिया। प्रेमनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई हिंसक झड़प में 22 वर्षीय छात्र दिव्यांशु जटराना की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
मृतक दिव्यांशु जटराना मूल रूप से मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम अथाई का रहने वाला था और देहरादून के एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के अनुसार केहरी गांव में छात्रों के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश के चलते विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के अनुसार कंट्रोल रूम को मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल दिव्यांशु को पहले प्रेमनगर अस्पताल लाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। एंबुलेंस उपलब्ध न होने पर पुलिस ने अपने वाहन से ही घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों गुट एक ही कॉलेज के छात्र हैं और कॉलेज में दबदबा कायम करने को लेकर उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते यह घटना हुई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में तीन छात्रों—युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल और शिवम शर्मा—को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है








