
देहरादून। प्रदेश में लगातार विजिलेंस भ्रष्ट अधिकारियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर रही है।
ऐसे में अब विजिलेंस टीम ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अमीन टीका राम नौटियाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भटवाड़ी कैंप कार्यालय, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, उत्तरकाशी से जुड़े एक मामले में की गई, जिससे विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमीन टीका राम नौटियाल पर सड़क निर्माण के दौरान कटान हुई भूमि के मुआवजे की प्रक्रिया के बदले शिकायतकर्ता से ₹10,000 की रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस विभाग ने पूरे मामले की प्राथमिक जांच की और ठोस साक्ष्य जुटाने के लिए जाल बिछाया।
विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दिनांक 22 जनवरी 2026 को आरोपी को रिश्वत की धनराशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद उसे आगे की पूछताछ और जांच के लिए संबंधित कार्यालय ले जाया गया।
विजिलेंस विभाग ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस तरह की गतिविधियों में अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं। जरूरत पड़ने पर और गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं।








