

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले की भनोली तहसील में अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। पूर्व में यहां हुई अप्रिय घटनाओं का हवाला देते हुए कर्मचारियों ने रात में ड्यूटी करने से इनकार कर दिया है। वहीं कर्मचारियों की मांग पर प्रशासन तहसील परिसर में मंदिर की स्थापना करने की तैयारी में जुटा है।
इन दिनों भनोली तहसील चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि तहसील में कुछ कर्मचारी घबराए हुए हैं। कर्मचारियों के मुताबिक तहसील भवन बनने के दौरान यहां अग्निकांड हुआ था। तब एक इलेक्ट्रिशयन की मौत हो गई थी। वहीं वर्ष 2016 में ड्यूटी के दौरान एक होमगार्ड की भी संदिग्ध हालात में मौत हुई थी।
इसके बाद से यहां के कर्मचारियों का कहना है कि रात के समय ड्यूटी देने में उन्हें डर लगाता है। इसके लिए यहां मंदिर का निर्माण जरूरी है।
प्रशासन ने शुरू किया निर्माण कर्मचारियों के कयासों के चलते परेशान प्रशासन भी मंदिर बनाने को तैयार हो गया। अब तहसील प्रशासन ने यहां मंदिर का निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। मंदिर निर्माण के लिए नींव की खुदाई भी शुरू की जा चुकी है।
जांच की जहमत भी नहीं उठाई
आए दिन कर्मचारी रात के समय परिसर में अजीब हरकतें होने की शिकायत करते हैं। इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि शरारती तत्वों की ओर से इस प्रकार की हरकत की जा रही हो, लेकिन शिकायत के बाद भी प्रशासन की ओर से मामले की न तो कोई जांच कराई गई और न ही पड़ताल की गई।
॰पूर्व में हुई घटनाओं का हवाला देकर काम करने से कर रहे इनकार
● कर्मचारियों की मांग पर मंदिर बना रहा तहसील प्रशासन









