
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में बीती 2 अप्रैल को सामने आए एक व्यक्ति की मौत के मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस की जांच में यह साफ हो गया कि जिस घटना को शुरुआत में आत्महत्या बताया गया था, वह दरअसल एक सोची समझी हत्या थी। लाहडपुर गांव में रहने वाले बबलू नामक युवक की मौत को उसकी पत्नी ने आत्महत्या बताकर मामला दबाने की कोशिश की थी, लेकिन जांच ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया।
घटना की पूरी परतें उस वक्त खुलनी शुरू हुईं जब बबलू के नाबालिग बेटे ने पुलिस के सामने सारी सच्चाई बता दी। शनिवार को एसपी सिटी अभय सिंह ने मायापुर कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि मामले की शुरुआत उस समय हुई जब महिला पूजा ने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि उसके पति ने शराब के नशे में आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआती जांच में ही कई बातें संदिग्ध नजर आईं।
इसी बीच बबलू के भाई राजू ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके भाई की पत्नी, उसकी बेटी और एक अन्य युवक ने मिलकर गला दबाकर हत्या की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की और पूरे परिवार तथा आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ शुरू हुई।
पूछताछ के दौरान बबलू के छोटे बेटे ने खुलासा किया कि उसकी मां और बहन ने रात में उसके पिता का तकिये से मुंह दबाकर हत्या की थी। शक गहराया तो पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां पत्नी पूजा ने कबूल किया कि उसके अवैध संबंधों की जानकारी बबलू को मिल गई थी जिसके बाद झगड़े बढ़ने लगे थे। इसी डर और तनाव में उन्होंने बबलू को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
हत्या के दौरान दोनों ने शराब में नींद की दवा मिलाकर बबलू को बेहोश किया, उसके बाद हाथ-पैर दुपट्टों से बांधे और तकिये से दबाकर उसकी जान ले ली। जुर्म छिपाने के लिए शव को दूसरे कमरे में ले जाकर दुपट्टा और जहरीली दवा का घोल उसके मुंह में डाल दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
अगले दिन महिला ने पुलिस को वही कहानी सुनाई कि पति रात में घर छोड़कर गया था और बाद में लौटकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने मौके से सल्फास की पुड़िया, शराब का पैक, इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन, स्टील का गिलास, तकिया और दुपट्टे बरामद किए हैं। पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नाबालिग बेटी को बाल संरक्षण कानून के तहत कोर्ट में पेश किया गया है।









